मुंबई महानगरपालिका के अनुसार, सुबह 8.30 से दोपहर 2.30 बजे के दौरान मुंबई शहर में 29.9 मिमी., पूर्वी उपनगर में 45.8 मिमी. और पश्चिम उपनगर में 66.7 मिमी. बारिश दर्ज की गई थी।
लगातार तेज बारिश होने के कारण मुंबई के निचले इलाके जैसे परेल, हिंदमाता, मिलन सब-वे, दादर, अंधेरी, मलाड, घाटकोपर और विक्रोली में पानी भर गया था। पूरे शहर में करीब 24 स्थानों से पेड़ गिरने की शिकायत मनपा को मिली है।
हवाई यातायात हुआ प्रभावित
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. के प्रवक्ता के अनुसार तेज बारिश का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण विजिबिल्टी की समस्या पैदा हो गई है, जिसकी वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग करीब 15 मिनट देरी से और टेक-ऑफ 30 मिनट देरी से हो रहा है।
इसी तरह का हाल सड़क यातायात का भी है। कई इलाकों में पानी भरने और सड़कों की हालत खराब होने की वजह से शहर भर में ट्रैफिक जाम का नजारा रहा। इसी तरह उपनगरीय लोकल ट्रेनें भी बारिश के कारण देरी से चल रही हैं।
पश्चिम रेलवे की ट्रेनें 5-10 मिनट, सेंट्रल रेलवे की ट्रेन 15-30 मिनट और हार्बर लाइन की ट्रेनें करीब 45 मिनट देरी से चल रही हैं।